कांगो में भूस्खलन के कारण कम से कम 17 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी
उत्तर-पश्चिमी कांगो में मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन होने के कारण रविवार देर रात कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने भूस्खलन की घटना में मरने वालों की संख्या में इजाफे की आशंका जताई हैं, क्योंकि बचाव दल ढह चुके घरों के मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं।
नागरिक संस्था फोर्सेस वाइव्स’ के अध्यक्ष मैथ्यू मोल के अनुसार, भूस्खलन कांगो नदी के किनारे उत्तर-पश्चिमी मोंगाला प्रांत के लिसल शहर में हुआ और पहाड़ की तलहटी में बने घरों में रहने वाले लोग इसकी चपेट में आ गए।
मोल ने कहा, ‘‘मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से बहुत नुकसान हुआ है। भूस्खलन के कारण कई घर जमींदोज हो गए हैं। कई लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हैं। ऐसे में मृतकों की वास्तविक संख्या का अनुमान लगा पाना मुश्किल है।’’
गवर्नर सीजर लिंबाया मबांगिसा ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से मलबा हटाने और जीवित बचे लोगों को बचाने के लिए मशीनरी की सख्त जरूरत है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और पूरे प्रांत में तीन दिन के शोक की घोषणा की।
from Hindi News - News in Hindi - Latest News in Hindi | Prabhasakshi https://ift.tt/z0iWvRu
Post A Comment
No comments :